जहानाबाद , मई 12 -- बिहार सरकार के पूर्व राज्य मंत्री बागी कुमार वर्मा का सोमवार की रात दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे। जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड अंतर्गत झमन बिगहा गांव निवासी बागी कुमार वर्मा लंबे समय से बीमार चल रहे थे।पिछले कुछ महीनों से उनका इलाज दिल्ली एम्स में चल रहा था।वह चर्चित समाजवादी नेता उपेंद्रनाथ वर्मा के पुत्र थे। उनके निधन की खबर मिलते ही जहानाबाद और अरवल जिले में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके निधन को क्षेत्रीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
बागी कुमार वर्मा ने वर्ष 1995 से 2005 तक मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।इस दौरान उन्होंने तत्कालीन राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सरकार में खाद एवं आपूर्ति विभाग के राज्य मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली थी।
वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने राजद के टिकट पर अरवल जिले के कुर्था विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज की थी। हालांकि खराब स्वास्थ्य के कारण उन्होंने वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से टिकट दिए जाने के प्रस्ताव को अस्वीकार कर सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली थी। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने एक सरल, सहज और जनसरोकारों से जुड़े नेता के रूप में अलग पहचान बनाई थी। क्षेत्र की जनता के बीच उनकी छवि लोकप्रिय जननेता की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित