पटना , जुलाई 26 -- पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के पुत्र और जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के नेता तेज प्रताप यादव को चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में बेउर केंद्रीय कारागार भेज दिया गया है।
श्री यादव की अधिवक्ता निशा सिंह ने बताया कि पुलिस ने शनिवार देर शाम राज्य की राजधानी स्थित एक शॉपिंग मॉल से श्री यादव को हिरासत में लिया और उन्हें नौबतपुर थाना ले गई। बाद में देर रात उन्हें अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी (एसडीजेएम) आरती उपाध्याय की अदालत में पेश किया गया।
अधिवक्ता सुश्री सिंह ने बताया कि अदालत ने तेज प्रताप यादव को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया, जिसके बाद उन्हें बेउर केंद्रीय कारागार भेज दिया गया।
सुश्री सिंह ने कहा कि जेजेडी नेता तेज प्रताप यादव को हत्या के प्रयास के आरोप वाले मामले में जेल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि शनिवार को दिन में बिहार बंद के दौरान गांधी मैदान थाना क्षेत्र के रामगुलाम चौक से गुजरते समय आंदोलनरत छात्रों के आग्रह पर तेज प्रताप यादव कुछ समय के लिए वहां रुके थे। उनके अनुसार, एसडीपीओ ने उनसे भीड़ से हटने का अनुरोध किया और उन्हें वहां से सुरक्षित बाहर ले गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित