अलवर , दिसम्बर 18 -- राजस्थान में अलवर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में गुरुवार को युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव संदीप ओला ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व मंत्री हेम सिंह भड़ाना के पुत्र सुरेंद्र भड़ाना पर शराब के लिये पैसे न देने पर उनसे मारपीट करने का आरोप लगाया।

श्री ओला ने आरोप लगाया है कि शराब के लिए पैसे नहीं देने पर उसके साथ सामूहिक रूप से मारपीट की गयी, जिसमें वह घायल हो गया। श्री ओला ने बताया कि आज सुबह से ही सुरेंद्र भड़ाना के लगातार फोन आ रहे थे। कॉल के दौरान सुरेंद्र शराब के लिए पैसों की मांग कर रहा था और बार-बार एक से दो हजार रुपये देने का दबाव बना रहा था।

संदीप के अनुसार, जब वह चाय की थडी पर बैठा था, तभी सुरेंद्र भड़ाना अपने 25 से 30 साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और शराब के लिए पैसे मांगने लगा। संदीप द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि हमला अचानक और सुनियोजित तरीके से किया गया, जिसमें उसे काफी चोटें आईं। मारपीट के बाद ओला परिचित की मदद से जिला अस्पताल पहुंचा, जहां उसका उपचार जारी है।

उधर, सूचना मिलने पर शिवाजी पार्क थाना पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची और पीड़ित के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़ित के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। इसके बाद आरोपियों की भूमिका की जांच करके नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित