उज्जैन , अगस्त 03 -- मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता तथा उज्जैन उत्तर से कई बार विधायक रहे पारस जैन का आज सुबह इंदौर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार श्री जैन का जन्म 20 जून 1950 को उज्जैन में हुआ था। पिछले कुछ समय से वह अस्वस्थ थे और इंदौर के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

श्री जैन लंबे समय तक उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते रहे। वह वर्ष 1990 से 1998 तक तथा वर्ष 2003 के बाद लगातार कई वर्षों तक उज्जैन उत्तर से विधायक निर्वाचित हुए। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में उनकी गिनती होती थी और मालवा क्षेत्र में उनका विशेष राजनीतिक प्रभाव माना जाता था।

उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में ऊर्जा, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा सहित कई महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व संभाला। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा संगठन में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही।

उनके निधन के समाचार से उज्जैन सहित पूरे मालवा क्षेत्र और प्रदेश के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित