चंडीगढ़ , अगस्त 19 -- पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह 'गोनी' और अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता एथलीट कुणार बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गये। दोनों खिलाड़ियों ने पंजाब सरकार की जनहितैषी नीतियों और राज्य में किये जा रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर आप में शामिल होने की बात कही।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दोनों खिलाड़ियों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि खेल के मैदान में पंजाब का नाम रोशन करने वाले युवाओं का आप से जुड़ना पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ियों का अनुभव राज्य के युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने में मदद करेगा और 'रंगला पंजाब' बनाने के अभियान को मजबूती मिलेगी।

श्री मान ने दोनों खिलाड़ियों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया और औपचारिक रूप से पार्टी में उनका स्वागत किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां भी मौजूद रहे।

आप में शामिल होने के बाद मनप्रीत सिंह गोनी और कुणार ने कहा कि वे मुख्यमंत्री भगवंत सिंहमान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की नीतियों और राज्य के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों से प्रभावित हैं। उन्होंने पार्टी को मजबूत करने और पंजाब के कल्याण के लिए पूरी ईमानदारी से काम करने का भरोसा दिलाया। दोनों खिलाड़ियों के आप में शामिल होने से पार्टी का पंजाब के युवाओं और खेल समुदाय के साथ जुड़ाव और मजबूत होने का दावा किया गया है। पार्टी ने इसे खेल जगत से जुड़े प्रतिभाशाली पंजाबियों की सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन में बढ़ती भागीदारी के रूप में भी बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित