चंडीगढ़ , अक्टूबर 30 -- चंडीगढ़ में नगर निगम चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को उस समय मजबूती मिली, जब वार्ड नंबर-6 से पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी तलविंदर सिंह शुक्रवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल हो गए। सेक्टर-3 स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में चंडीगढ़ आप प्रधान विजयपाल सिंह ने सभी का स्वागत किया।
इस मौके पर कोर कमेटी चेयरमैन प्रेम गर्ग, नेता प्रतिपक्ष हरदीप, उपप्रधान दीपा दुबे, मेवा राम दलेर, गुरमीत राणा और अवतार सिंह मौजूद रहे।
विजयपाल सिंह ने कहा कि तलविंदर सिंह ने पिछले चुनाव में अच्छे मत हासिल किए थे। उनके और समर्थकों के पार्टी से जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग आप के साथ जुड़ रहे हैं। पार्टी आगामी नगर निगम चुनाव पूरी ताकत से लड़ेगी।
तलविंदर सिंह ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं, मोहल्ला क्लीनिक, तीर्थ यात्रा और महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं के माध्यम से अच्छा काम कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन नीतियों का लाभ चंडीगढ़ में भी मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि आगामी नगर निगम चुनाव में आप पूर्ण बहुमत हासिल कर अपना मेयर बनाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित