नोएडा , अप्रैल 08 -- वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का बुधवार तड़के चार बजे नोएडा के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को आज दोपहर तीन बजे उनके नोएडा स्थित आवास (सेक्टर-40) से अंतिम यात्रा के लिए ले जाया जाएगा। शाम करीब पांच बजे उन्हें निजामुद्दीन कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

वह लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रही थीं, कांग्रेस संगठन में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुकी थीं और गांधी परिवार के काफी करीबी रही थी।

श्रीमती किदवई ने केंद्र सरकार में मंत्री रहीं, इसके अलावा वह हज कमेटी की अध्यक्ष भी रहीं। वह कई बार की सांसद रहीं और उन्होंने कांग्रेस महासचिव के रूप में भी कार्य किया। वह कांग्रेस कार्य समिति और पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य भी रहीं।

सांसद मनीष तिवारी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीमती किदवई एक कद्दावर नेता थीं और उन्होंने कई बार सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में देश की सेवा की। उन्होंने कहा कि वह बेहद सौम्य स्वभाव की थीं, उनके व्यक्तित्व में सरलता और विनम्रता झलकती थी और उनके चेहरे पर हमेशा एक आत्मीय मुस्कान रहती थी।

श्री तिवारी ने कहा कि उनके निधन से कांग्रेस पार्टी और राजनीतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित