वॉशिंगटन , मई 04 -- अमेरिका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) कीथ केलॉग ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल (2017-2021) के दौरान उन्होंने अमेरिकी नेता को नाटो के ढांचे के भीतर यूरोप के साथ अमेरिकी सैन्य संबंधों पर पुनर्विचार करने की सलाह दी थी।
श्री केलाग ने फॉक्स न्यूज से बात करते हुए कहा, "मैंने राष्ट्रपति से कहा था कि 'शायद आपको नाटो के साथ अलग-अलग स्तर के संबंध के बारे में बात करनी चाहिए'।" उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका को यूरोप के साथ एक 'नये नाटो' या बेहतर शब्द के अभाव में एक 'नये रक्षात्मक गठबंधन' को विकसित करने की आवश्यकता है।
यूक्रेन के लिए पूर्व राष्ट्रपति दूत ने आगे कहा कि यह ट्रांस-अटलांटिक सैन्य गुट, जिसमें मूल रूप से 12 देश थे, अब इसमें 32 देश शामिल हैं।
इस प्रकार यह 'गुब्बारे जैसा फूला ढांचा' बन गया है। उन्होंने यूरोपीय देशों पर रक्षा खर्च में निवेश न करने और अमेरिकी सुरक्षा पर बहुत अधिक निर्भर रहने का भी आरोप लगाया।
श्री केलॉग ने इस बात पर जोर देते हुए कहा, "अगर आप अभी ब्रिटेन को देखें तो वे मुश्किल से सेना तैनात कर सकते हैं। उनके पास दो विमान वाहक पोत हैं और दोनों ही मरम्मत के अधीन हैं। उनके ब्रिगेड की स्थिति यह है कि छह में से केवल एक ही काम करने लायक है।" उन्होंने उल्लेख किया, "हमें इस वास्तविकता को समझने और यह कहने की जरूरत है कि 'हमें अब कुछ अलग चाहिए'।"अपने दूसरे कार्यकाल में नाटो के प्रति ट्रंप की आलोचना और बढ़ गयी है। उन्होंने ईरान के खिलाफ संयुक्त अमेरिका-इजरायल सैन्य अभियान में अपना समर्थन देने से इनकार करने के लिए गठबंधन के सहयोगी देशों की बार-बार निंदा की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित