अहिल्यानगर , सितंबर 30 -- महाराष्ट्र में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बर्खास्त आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर के पिता और सेवानिवृत्त सिविल सेवक दिलीप खेडकर के अहिल्यानगर जिले में स्थित आवास पर आय से अधिक संपत्ति मामले में छापेमारी करके कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड जब्त किए हैं।

एसीबी की नासिक और अहिल्यानगर इकाइयों की टीमों ने संयुक्त रूप से इस तलाशी अभियान को अंजाम दिया। एजेंसी के प्रारंभिक निष्कर्षों के अनुसार, खेडकर परिवार के पास उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से असंगत लगभग 13.30 करोड़ रुपये की संपत्ति पाई गई है। एसीबी ने दिलीप खेडकर और उनकी पत्नी डॉ. मनोरमा खेडकर के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिसमें उन पर अपनी ज्ञात आय से लगभग 102 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया गया है।

जांच के दौरान अधिकारियों को अहिल्यानगर, पुणे, हवेली, पवई, बारामती, भालगांव, मुलशी, औंध, पनवेल, खरवंडी कासर और शिरूर कासर सहित कई स्थानों पर दिलीप खेडकर के नाम पर अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज मिले हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित