मुरादाबाद , जुलाई 23 -- पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के सिमालुगुड़ी (एसएलजीआर) यार्ड के निकट डीचो नदी का जलस्तर बढ़ने से रेलवे ट्रैक पर जलभराव हो गया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सिमालुगुड़ी-शिमलुगुड़ी एवं सिमालुगुड़ी-सिमुलगुड़ी रेलखंड पर रेल परिचालन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। इसके चलते कई प्रमुख ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है, जबकि एक ट्रेन को निरस्त कर दिया गया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने गुरुवार को बताया कि जलभराव के कारण रेलवे ने परिचालन व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किए हैं। उन्होंने बताया कि डाउन दिशा में चलने वाली डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (20503) 19, 21, 22, 23, 25 और 26 जुलाई को डिब्रूगढ़-उत्तर लखीमपुर-रंगापाड़ा नॉर्थ-रंगिया-न्यू बोंगाईगांव मार्ग से संचालित होगी। इस दौरान रंगिया स्टेशन पर ट्रेन का 10 मिनट का अतिरिक्त ठहराव रहेगा।

इसी प्रकार डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (15903) 20, 24 और 27 जुलाई को तथा डिब्रूगढ़-लालगढ़ अवध असम एक्सप्रेस (15909) 20 से 27 जुलाई तक परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएगी। अप दिशा में लालगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस (15910) 18 से 24 जुलाई तक, चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस (15904) तथा नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस (20504) 19, 22 और 26 जुलाई को रंगिया-रंगापाड़ा नॉर्थ-उत्तर लखीमपुर-डिब्रूगढ़ मार्ग से संचालित होंगी।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि अमृतसर-न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस (15934) को 24 जुलाई के लिए पूर्णतः निरस्त कर दिया गया है।

रेलवे ने यात्रियों से यात्रा प्रारंभ करने से पहले रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा अधिकृत रेलवे मोबाइल एप के माध्यम से अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित