नयी दिल्ली , जुलाई 02 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और सिक्किम में बाढ़ तथा भूस्खलन से उत्पन्न स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को तत्काल पीएम केयर्स फंड से सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
श्री खरगे ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में बाढ़ और भूस्खलन में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि उनकी पार्टी पूर्वोत्तर क्षेत्र में इस त्रासदी से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्वोत्तर के राज्यों को बाढ़ मुक्त बनाने के लिए 'डबल इंजन' वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकारों ने बड़े-बड़े वादे किए थे लेकिन वे हवा-हवाई साबित हुए है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बाढ़ एक नियमित आपदा बन चुकी है लेकिन केंद्र सरकार सिर्फ वादे करती है और आपदाओं से निपटने के उसके दीर्घकालिक रोकथाम के प्रयास बेहद अपर्याप्त हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार इस त्रासदी को सामान्य आपदा मानकर नहीं चल सकती। सरकार को तत्काल पीएम केयर्स फंड का उपयोग करते हुए सभी प्रभावित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा, समुचित पुनर्वास और निरंतर राहत उपलब्ध करानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश को सशस्त्र बलों तथा राष्ट्रीय और राज्य आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ और एसडीआरएफ) के जवानों पर गर्व है, जो राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी निष्ठा से जुटे हैं, लेकिन इस मानवीय संकट की व्यापकता को देखते हुए सरकार को अतिरिक्त बचाव दल, संसाधन और वित्तीय सहायता तत्काल उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि राहत कार्य तेज हो, क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे का पुनर्निर्माण हो सके और कोई भी प्रभावित परिवार सहायता से वंचित न रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित