इम्फाल , जून 05 -- मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में शांति, विकास और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए निरंतर समर्थन देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने गुरूवार को मेघालय के शिलॉन्ग में आयोजित पूर्वोत्तर परिषद (एनईसी) के 73वें पूर्ण सत्र में श्री मोदी और श्री शाह का आभार व्यक्त किया। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री और एनईसी के अध्यक्ष अमित शाह ने की। इस सत्र में केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास (डीओएनईआर) मंत्री ज्योतिरादित्य एम सिंधिया, केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार के साथ-साथ सभी पूर्वोत्तर राज्यों के राज्यपाल और मुख्यमंत्री शामिल हुए।

राज्य के सूचना अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि मणिपुर की विकास संबंधी प्रगति पर श्री सिंह ने परिषद को सूचित किया कि डीओएनईआर मंत्रालय और एनईसी की सहायता से विभिन्न योजनाओं के तहत राज्य में लगभग 1,792 करोड़ रुपये की 167 परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि मई 2023 की हिंसा के बाद मणिपुर जैसे-जैसे नये संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे इसके सुधार और विकास के प्रयासों को संबल देने के लिए डीओएनईआर मंत्रालय और एनईसी के तहत राज्य के नीतिगत आवंटन को बढ़ाने की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने इस बात को भी दोहराया कि राज्य सरकार लगातार इस रुख पर कायम रही है कि स्थायी शांति का एकमात्र व्यावहारिक रास्ता केवल बातचीत ही है। उन्होंने कहा कि सरकार का दृष्टिकोण सभी समुदायों के बीच न्याय, आर्थिक समावेश और धैर्यपूर्ण सुलह पर केंद्रित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित