नयी दिल्ली , फरवरी 23 -- कांग्रेस ने पूर्वोत्तर के लोगों के साथ देश के विभिन्न हिस्सों में होने वाले भेदभाव और नस्लीय दुर्व्यवहार पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तीन युवतियों के साथ हाल में हुई एक घटना की कड़ी निंदा की तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस के भीतरी मणिपुर निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सदस्य प्रो. ए. बिमोल अकोइजम ने सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह मामला अरुणाचल प्रदेश की तीन युवतियों से जुड़ा है, जो दिल्ली में अपने किराये के घर में एयर कंडीशनर की मरम्मत करवा रही थीं। मरम्मत के दौरान कुछ मलबा और धूल नीचे की मंजिल पर रहने वाले पड़ोसियों के घर में गिर गई, जिसके बाद विवाद उत्पन्न हो गया। विवाद दुर्व्यवहार में बदल गया और युवतियों के साथ कथित रूप से अपमानजनक भाषा तथा नस्लीय टिप्पणियां की गईं, जिससे उनकी गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंची है।
श्री अकोइजम ने कहा कि पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि यह कोई एकल घटना नहीं है, बल्कि पिछले कुछ वर्षों में पूर्वोत्तर से शिक्षा और रोजगार के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में आने वाले युवाओं के साथ भेदभाव और हिंसा की कई घटनाएं सामने आई हैं।
उन्होंने कहा कि अक्सर ऐसी घटनाओं को व्यक्तिगत पूर्वाग्रह का मामला बताकर टाल दिया जाता है, जबकि वास्तविकता इससे एकदम भिन्न होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूली पाठ्यपुस्तकों और मुख्यधारा के विमर्श में पूर्वोत्तर के इतिहास, संस्कृति और योगदान की अनदेखी की गई है, जिससे समाज में इस क्षेत्र के प्रति समझ और संवेदनशीलता की कमी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यह चिंता की बात है कि अपने ही देश में पूर्वोत्तर के लोगों को इस प्रकार की प्रवृत्तियों का शिकार होना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता ने केंद्र और दिल्ली सरकार को पूर्वोत्तर के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की और कहा कि जागरूकता अभियान चलाकर सख्त संदेश देना चाहिए कि देश में नस्लवाद और भेदभाव किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित