मोतिहारी , मई 08 -- विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की देखरेख में पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी रेडक्रॉस भवन में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिला प्रशासन के अधिकारियों, चिकित्सकों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानवता की सेवा का संदेश दिया।
शिविर की शुरुआत चिकित्सकों की विशेष टीम की ओर से रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के साथ हुई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने कहा कि रक्तदान वास्तव में महादान है और एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जान बचा सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान शरीर को बिना किसी नुकसान पहुंचाए दूसरों को जीवनदान देने का सबसे सरल एवं श्रेष्ठ माध्यम है।
इस दौरान रेडक्रॉस के कार्यकारी अध्यक्ष सह अपर समाहर्ता (एडीएम) शैलेंद्र कुमार भारती सहित शहर के कई प्रबुद्ध नागरिकों और युवाओं ने रक्तदान किया। मौके पर मौजूद स्वर्ण प्रभात ने रक्तदान को महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व बताते हुए युवाओं से इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की, ताकि आपात स्थिति में जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित