मोतिहारी , सितंबर 10 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के पताही थाना क्षेत्र में सड़क पर पानी बहाने के मामूली विवाद में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, 09 सितंबर को पताही थाना क्षेत्र के जिहुली जमुनी टोला (वार्ड संख्या 12) में सड़क पर पानी गिराने को लेकर उपजा विवाद हिंसक झड़प और चाकूबाजी में तब्दील हो गया। इस हमले में मोसी अख्तर, उनकी पत्नी मदीना खातून और जमील अख्तर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मदीना खातून और जमील अख्तर ने दम तोड़ दिया।
सूत्रों ने बताया कि दोहरे हत्याकांड की इस वारदात के बाद सिकरहना के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार एवं पताही थानाध्यक्ष बवन कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इलाके में सघन छापेमारी की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त तीनों नामजद अभियुक्तों, संजय सिंह, नागनारायण सिंह (दोनों के पिता सियाराम सिंह) और लक्ष्मीनारायण सिंह (पिता स्व. लगन सिंह) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों अभियुक्त ग्राम जिहुली के ही निवासी हैं।पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त खून से लथपथ एक लाठी भी बरामद की है। गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों के खिलाफ विधि सम्मत अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित