मोतिहारी , अप्रैल 27 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में सरकारी राजस्व बकाया नहीं चुकाने वाले चिमनी संचालकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है और जिले के 815 चिमनी संचालकों पर करीब 20 करोड़ 7 लाख 23 हजार 860 रुपये बकाया रहने के मामले में नीलाम पत्र विभाग ने दंडात्मक कार्रवाई तेज कर दी है।
उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार के निर्देश पर नीलाम पत्र पदाधिकारी अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने सभी बकायेदारों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इन चिमनी संचालकों के खिलाफ नीलाम पत्र वाद पहले से लंबित है और कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद इन्होंने बकाया राशि जमा करने में कोई रुचि नहीं दिखाई। इसके बाद अब गिरफ्तारी, कुर्की-जब्ती और संपत्ति नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में पूरी सूची पुलिस अधीक्षक को भेजते हुए कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित