मोतिहारी , अगस्त 20 -- प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पूर्वी चंपारण जिले में 33,084 लाभुक परिवारों के नवनिर्मित आवास पूर्ण होने के बाद गुरुवार को उन्हें घर की चाबी सौंपकर गृह प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर समाहरणालय स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पटना में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मोतिहारी के डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार तथा केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान उपस्थित थे।
जिला स्तरीय समारोह में 11 लाभुकों को प्रतीकात्मक रूप से नवनिर्मित आवास की चाबी सौंपी गई। इनमें फूलमाला देवी, चंद्रावती देवी, इंद्रासनी देवी, कृष्णा चौधरी, नगीना साह, महेंद्र राय, रंगीता देवी, शिवधारी सहनी, मीना देवी, जगन्नाथ दास और गीता देवी शामिल हैं। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए चयनित 11 लाभुकों को स्वीकृत्यादेश भी प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी ने सौरभ सुमन यादव ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के लिए जिले को कुल 1,06,357 आवास निर्माण का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके विरुद्ध 1,06,291 आवासों की स्वीकृति दी गई। इनमें अब तक 33,084 आवास पूर्ण कराए जा चुके हैं और पूर्ण आवासों के लाभुकों को चाबी सौंपी गई। उन्होंने कहा कि शेष आवासों को भी शीघ्र पूरा कराने के लिए ग्रामीण विकास विभाग लगातार कार्य कर रहा है। उप विकास आयुक्त के स्तर पर प्रतिदिन इसकी समीक्षा की जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2025-26 में जिले को कुल 1,904 आवासों का लक्ष्य मिला था, जिसके विरुद्ध अब तक 1,720 आवास पूर्ण कराए जा चुके हैं। इस योजना के तहत राज्य सरकार की ओर से 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास सहायता योजना के तहत 2010 से पहले निर्मित और जर्जर आवासों के जीर्णोद्धार के लिए एकमुश्त 50 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। पूर्वी चंपारण में 2,890 आवासों के जीर्णोद्धार का लक्ष्य था, जिसके विरुद्ध 2,834 आवासों का जीर्णोद्धार कराया जा चुका है। यह योजना अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अति पिछड़ा वर्ग के पात्र लाभुकों के लिए लागू है।
जिलाधिकारी ने आवास योजना से लाभान्वित सभी परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण परिवारों के लिए पक्का घर केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना पात्र परिवारों के घर के सपने को साकार करने के साथ ग्रामीण जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति प्रदान कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित