मोतिहारी , मई 11 -- िहार में पूर्वी चंपारण जिले के जितना थाना क्षेत्र मेंसशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 2.7 किलोग्राम चरस बरामद की गई तथा एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि 71वीं वाहिनी एसएसबी के इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर एसएसबी और जितना थाना पुलिस ने सोमवार की अहले सुबह अगरवा गांव में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान गजेंद्र प्रसाद यादव के घर और उसके आउट हाउस की तलाशी ली गई, जहां से लगभग 2.7 किलोग्राम चरस बरामद की गई।

सूत्रों ने बताया कि मौके से जितना थाना क्षेत्र के अगरवा गांव के वार्ड संख्या-03 निवासी मुन्ना कुमार को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बरामद मादक पदार्थ नेपाल से तस्करी कर भारतीय सीमा क्षेत्र में लाया गया था। बरामदगी स्थल भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 359/10 से करीब 400 मीटर भारतीय सीमा के भीतर स्थित है।

सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी और बरामद चरस को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जितना थाना को सौंप दिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। मामले में शामिल अन्य तस्करों और नेटवर्क की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित