मोतिहारी , अक्टूबर 24 -- िहार के पूर्वी चंपारण जिले में भारत-नेपाल सीमा के निकट मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1.806 किलोग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। रक्सौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने बताया कि 23 अक्टूबर की शाम गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि एक एसयूवी गाड़ी से सुगौली की ओर से लक्ष्मीपुर चेकपोस्ट होते हुए रक्सौल की तरफ मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस, एसटीएफ मोतिहारी और दंडाधिकारी की संयुक्त टीम गठित की गई।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ने लक्ष्मीपुर चेकपोस्ट के पास वाहन की तलाशी ली, जिसमें 1.806 किलोग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन और सोने जैसी धातु का एक लॉकेट बरामद हुआ। बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब चार करोड़ रुपये है। इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एसयूवी गाड़ी भी जब्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रक्सौल के वार्ड संख्या-14 निवासी रमेश कुमार, पिता ईश्वरी साह, तथा पलनवा थाना क्षेत्र के बहुअरवा निवासी संदीप कुमार, पिता बच्चा सिंह, के रूप में हुई है। संदीप कुमार के खिलाफ रक्सौल थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कांड संख्या 349/25 पहले से दर्ज है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित