मोतिहारी , सितंबर 7 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने नेपाल से भारत में मादक पदार्थ की तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए एक तस्कर को 1.005 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
इस कार्रवाई में बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
पूर्वी चंपारण जिला के भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी के अनुसार, सीमा चौकी चंद्रमण से 7 अगस्त को सूचना मिली थी कि नेपाल के सतगंज से चरस की खेप लेकर एक तस्कर मोटरसाइकिल से भारत में प्रवेश करने वाला है। सूचना बिहार पुलिस के साथ साझा किए जाने के बाद एसएसबी और पुलिस के तीन जवानों की संयुक्त नाका टीम गठित की गई।
संयुक्त टीम ने सैनिक रोड के समीप नाका लगाया। कुछ देर बाद नेपाल की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध युवक भारत की तरफ आता दिखाई दिया। उसके हाथ में नारंगी रंग का नायलॉन कैरी बैग था। नाका टीम को देखते ही उसने मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार युवक की पहचान मेवालाल राम, पिता स्वर्गीय भगवत राम, निवासी झिटकहिया, वार्ड संख्या एक, थाना आदापुर के रूप में हुई। उसके पास मौजूद कैरी बैग की तलाशी लेने पर नीली प्लास्टिक में लिपटे दो पैकेट बरामद हुए। जांच में एक पैकेट से 500 ग्राम और दूसरे से 505 ग्राम चरस बरामद हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में मेवालाल राम ने बताया कि वह चरस की खेप नेपाल के सतगंज से लेकर आया था और इसे झिटकहिया निवासी बलराम गिरि (50) को सौंपना था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित