मोतिहारी , जून 04 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की कथित हत्या और शव गायब किए जाने की आशंका पुलिस जांच में निराधार साबित हुई। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि चिरैया थाना क्षेत्र के सरौगढ़ निवासी बिंदा कुशवाहा ने कल्याणपुर थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री अर्चना कुमारी, जिसकी शादी 30 नवंबर 2025 को कुंवरपुर निवासी दिलीप कुमार के साथ हुई थी, की हत्या कर शव गायब कर दिया गया है।

वहीं, ससुराल पक्ष ने भी थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि अर्चना कुमारी घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लेकर किसी के साथ चली गई है। दोनों पक्षों के विरोधाभासी आरोपों के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।

कल्याणपुर थानाध्यक्ष विनीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की। प्रारंभिक जांच में ससुराल पक्ष के आरोप सही पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान आगे बढ़ाया गया। सूचना के आधार पर पुलिस ने मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर अर्चना कुमारी को सकुशल बरामद कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से कई स्वर्ण एवं रजत आभूषण तथा 5000 रुपये नकद बरामद किए गए।

पूछताछ में अर्चना कुमारी ने बताया कि विवाह के बाद उसका ससुराल में मन नहीं लग रहा था, इसलिए वह घर छोड़कर चली गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित