मोतिहारी , मई 28 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र में बरकुरवा नहर के किनारे झाड़ियों से एक युवक का शव बरामद किया गया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को यहां बताया कि मृतक की पहचान मलाही थाना क्षेत्र के सोनवल बैरागी टोला निवासी विपत साह के 24 वर्षीय पुत्र रामबाबू कुमार के रूप में की गई है। सूचना मिलने पर अरेराज के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) रवि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
सूत्रों ने बताया कि घटनास्थल से एक साइकिल भी बरामद की गई है, जो मृतक की बतायी जा रही है। प्रारंभिक जांच में युवक की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। शव के गले में गमछा कसा हुआ मिला है, जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। पुलिस का अनुमान है कि हत्या करीब दो दिन पहले की गई होगी।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए। वहीं, सुराग तलाशने के लिए डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई। पुलिस आसपास के लोगों तथा मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच प्रेम प्रसंग, आपसी दुश्मनी समेत विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित