मोतिहारी , सितंबर 26 -- िहार के पूर्वी चंपारण जिले में चकिया-मधुबन सड़क पर बारा गोविंद गांव के समीप स्लुइस गेट के पास शनिवार को एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया है। युवक की हत्या की आशंका जतायी गयी है।बकरी चराने गए लोगों ने शव को पड़ा देखा, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के दिगंबर गांव निवासी सन्नी कुमार (27) के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसके सिर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं। इससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण क्या है और युवक की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

घटनास्थल चकिया और गड़हिया थाना क्षेत्र की सीमा के निकट होने के कारण शुरुआत में पुलिस के अधिकार क्षेत्र को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

उन्होंने स्थिति की जानकारी लेने के बाद चकिया थाना पुलिस को आवश्यक कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया। निर्देश के बाद चकिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।

पुलिस अब युवक की मौत के कारणों की पड़ताल में जुटी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसकी मौत सड़क दुर्घटना में हुई, किसी अन्य घटना में चोट लगी या मामला आपराधिक वारदात से जुड़ा है। सिर पर मिले चोट के निशानों को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित