मोतिहारी , अक्टूबर 20 -- िहार के पूर्वी चंपारण जिले में विजयादशमी के उत्सव के बीच अलग-अलग घटनाओं में एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीपरा थाना क्षेत्र के भेरखिया गांव के समीप गन्ने के खेत से सोमवार देर शाम टिकुलिया गांव निवासी 23 वर्षीय पिंकी कुमारी का शव बरामद किया गया है। उसकी गला रेतकर हत्या की गई है। मृतका के पिता देवलाल पासवान ने उसके पति रोहित पर दहेज में मोटरसाइकिल और जमीन की मांग को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
श्री पासवान ने पुलिस को बताया कि रोहित का अपनी चचेरी साली के साथ संबंध था, जिसको लेकर पहले पंचायत भी हुई थी। सोमवार को रोहित नारियल चढ़ाने के बहाने पिंकी को घर से चकिया ले गया और बाद में भेरखिया गांव के समीप गन्ने के खेत में उसकी हत्या कर दी। पुलिस को सोमवार शाम करीब सात बजे घटना की सूचना मिली।
जिले के रक्सौल थाना क्षेत्र में गोनाही-हरनाही पथ पर अज्ञात वाहन की ठोकर से मोटरसाइकिल सवार 20 वर्षीय कुंदन कुमार की मौत हो गई। वह रामगढ़वा थाना क्षेत्र के धनहर दिहुली गांव निवासी राजेश्वर दास का पुत्र था।
एक अन्य सड़क दुर्घटना में मोतिहारी नगर थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय लक्ष्मी देवी की मौत हो गई। वह सुगौली थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी इंद्रदेव प्रसाद की पत्नी थीं।
जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के इनरवाभार गांव में 28 वर्षीय अमित कुमार का शव तालाब से बरामद किया गया। वह भानु प्रसाद का पुत्र था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अमित सोमवार सुबह शौच के लिए सरेह की ओर गया था। उसकी मौत डूबने से होने की आशंका है।
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पिंकी की हत्या के मामले में परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित