मोतिहारी , अप्रैल 29 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम काटकर 28 लाख रुपये की चोरी कर ली।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एटीएम में एक दिन पहले ही करीब 30 लाख रुपये डाले गए थे। देर रात अपराधियों ने गैस कटर का इस्तेमाल कर एटीएम मशीन को काट दिया और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 28 लाख रुपये की चोरी हुई है, हालांकि वास्तविक राशि का आकलन अभी जारी है।
सूत्रों ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात गश्ती दल को निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले के खुलासे के लिए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया है, जो पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है।प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि एटीएम का अलार्म सिस्टम खराब था, जिसके कारण समय पर किसी को सूचना नहीं मिल सकी। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित