मोतिहारी , सितंबर 09 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पताही थाना क्षेत्र में सड़क पर पानी गिराने को लेकर हुए विवाद में बुधवार देर शाम दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में देवर-भाभी की मौत हो गयी, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।पुलिस सूत्रों के अनुसार, पताही थाना क्षेत्र की जिहुली पंचायत के जमुनी टोला में सड़क पर पानी गिराने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसी बात पर कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गये और मारपीट शुरू हो गयी। इस दौरान धारदार हथियार से हमला किये जाने से मरीना खातून (35), जमील अख्तर (36) और मोहसीन अख्तर (40) गंभीर रूप से घायल हो गये।
घटना के बाद तीनों घायलों को पताही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए मरीना खातून और जमील अख्तर को प्राथमिक उपचार के बाद मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गयी। दोनों रिश्ते में देवर-भाभी थे। घायल मोहसीन अख्तर का उपचार चल रहा है और उसकी स्थिति सामान्य बतायी जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोहसीन अख्तर के सड़क पर पानी गिराने पर संजय सिंह ने आपत्ति जतायी थी। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से भिड़ गये और मारपीट शुरू हो गयी। इसी दौरान धारदार हथियार से हमला किये जाने की बात सामने आयी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ स्थिति को नियंत्रित किया। दो लोगों की मौत के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गयी है। पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है।
पताही थानाध्यक्ष बबन कुमार ने बताया कि घटना में तीन लोग घायल हुए थे, जिनमें दो की इलाज के दौरान मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों, विवाद में शामिल लोगों की भूमिका और हमले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित