मोतिहारी , सितंबर 07 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मठलोहियार छतवनिया गांव से रविवार देर शाम 12 से 15 वर्ष की तीन नाबालिग किशोरियां एक साथ लापता हो गई हैं।

पुलिस ने इस मामले में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है और संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, लापता किशोरियों की पहचान उपेंद्र प्रसाद की 15 वर्षीय पुत्री सुरभि कुमारी, जंगबहादुर यादव की 14 वर्षीय पुत्री प्रतिमा कुमारी और जयप्रकाश सिंह की 12 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी के रूप में हुई है।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि तीनों किशोरियां रविवार को अपने-अपने घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर हरसिद्धि थाना में शिकायत दर्ज कराई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित