मोतिहारी , अप्रैल 06 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में मोतिहारी स्थित खेल भवन में ताइक्वांडो एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र के लिये 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों का चयन ट्रायल आयोजित किया गया।
इस चयन ट्रायल में जिले के लगभग 40 खिलाड़ियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से प्रतिनियुक्त प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में किया गया।
जिला खेल पदाधिकारी शुभम कुमार ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों की सूची जिला खेल कार्यालय की ओर से बिहार राज्य खेल प्राधिकरण को भेजी जाएगी। चयनित खिलाड़ियों को खेल विभाग, बिहार सरकार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा संचालित एकलव्य राज्य आवासीय ताइक्वांडो प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण दिया जाएगा।उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को पठन-पाठन, खेल प्रशिक्षण, भोजन एवं आवासन की समुचित सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी,जिससे वे बेहतर प्रदर्शन कर जिला, राज्य एवं देश का नाम रोशन कर सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित