मोतिहारी , सितंबर 30 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में गंडक नदी के उफान से बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और जिला प्रशासन की बुधवार शाम चार बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार चार प्रखंडों की 17 पंचायतों और 27 गांवों की 39,468 आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है, जबकि 3,500 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर निष्क्रमित किया गया है।
प्रशासन के अनुसार केसरिया, संग्रामपुर, अरेराज और पहाड़पुर प्रखंड बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें सबसे अधिक 23,465 लोग अरेराज, 7,500 संग्रामपुर, 6,003 केसरिया और 2,500 लोग पहाड़पुर में प्रभावित हुए हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए 59 नावें और तीन एनडीआरएफ/एसडीआरएफ टीमें तैनात हैं। प्रभावितों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए 25 सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही हैं, जिनमें बुधवार को 20,573 थाली भोजन परोसा गया। अब तक कुल 37,789 थाली भोजन वितरित किया जा चुका है।
जिले में तीन राहत केंद्र भी संचालित हैं, जहां 50 लोग शरण लिए हुए हैं। इसके अतिरिक्त 13 चिकित्सा शिविर और छह पशु चिकित्सा शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित