मोतिहारी , मई 11 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में उत्पाद विभाग और मुफ्फसिल थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है।

आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल सीमा के रास्ते भारी मात्रा में गांजा की खेप मोतिहारी लाई जा रही है। सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर मनीष सरार्फ एवं मुफ्फसिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बनकट इलाके में घेराबंदी कर एक संदिग्ध लग्जरी कार को रोकने का प्रयास किया।पुलिस को देखते ही चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान कार से 22 पैकेट गांजा बरामद किया गया। मौके से पताही थाना क्षेत्र निवासी चालक सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।बरामद गांजा और वाहन की कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।

सदर के राजस्व अधिकारी नवनीत कुमार ने बताया कि बरामद गांजा की खेप काफी बड़ी है और इसकी अंतर्राज्यीय तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप किन तस्करों तक पहुंचाई जानी थी और इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने गांजा और वाहन को जब्त कर गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित