मोतिहारी , सितंबर 20 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 परअज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा माधव संतति अस्पताल के सामने हुआ। दो युवक मोटरसाइकिल से मुजफ्फरपुर से चकिया टोल टैक्स की ओर जा रहे थे। वे पंचर बनाने का काम करते थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलने पर एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को चकिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच), मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया। उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां थाना क्षेत्र के भरवारा प्रतापी गांव निवासी मोहम्मद इस्लाम के 24 वर्षीय पुत्र मोहम्मद वकील के रूप में हुई है।
हादसे के बाद चकिया थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने पहुंचाया। मृतक के शव को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया गया।पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित