मोतिहारी , मई 01 -- भारत-नेपाल सीमा से सटे पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन थाना क्षेत्र में पुलिस ने संगठित साइबर आर्थिक अपराध नेटवर्क का बड़ा खुलासा करते हुए 70.38 लाख की भारतीय और नेपाली मुद्रा बरामद करने के साथ पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम) मोतिहारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर घोड़ासहन बाजार समेत विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

सूचना मिली थी कि कुछ दुकानदार और स्थानीय लोग संगठित तरीके से अवैध धन का लेन-देन कर रहे हैं तथा म्यूल अकाउंट्स, ट्रेडिंग ऐप्स, क्रिप्टो एक्सचेंज और यूएसडीटी के माध्यम से बड़े पैमाने पर रकम की हेराफेरी की जा रही है।

छापेमारी के दौरान अलग-अलग दुकानों और घरों से 56,71,600 रुपये भारतीय मुद्रा तथा 13,67,810 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद की गई। इसके अलावा एक सीपीयू, 11 मोबाइल फोन, एक कैश काउंटिंग मशीन और दो पीओएस मशीन भी जब्त की गईं। मौके से बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए हैं।

तकनीकी जांच में यह सामने आया कि आरोपितों ने छद्म दुकानें खोलकर विभिन्न बैंक खातों, म्यूल अकाउंट, क्रिप्टो प्लेटफॉर्म और कस्टमर सर्विस प्वाइंट (सीपीएस) के जरिए अवैध रूप से पैसों का ट्रांजेक्शन किया। इस नेटवर्क के जरिए सीमा पार धन के अवैध प्रवाह की आशंका जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित