मोतिहारी , जून 04 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल थाना क्षेत्र में सीतामढ़ी-रक्सौल रेलखंड पर रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि सुबह स्थानीय लोगों और मॉर्निंग वॉक पर निकले ग्रामीणों ने रक्सौल स्थित सौनाहा माई मंदिर के समीप रेलवे ट्रैक के किनारे एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस एवं रेलवे प्रशासन को दी गई।

सूत्रों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का प्रतीत हो रहा है। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष के बीच है। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। आसपास के क्षेत्रों में पहचान के लिए पूछताछ की जा रही है, लेकिन अब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित