मोतिहारी , मई 01 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के भारत-नेपाल सीमा से सटे रक्सौल थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 हजार की संख्या में नशीली सुई (ड्रग्स) का जखीरा बरामद किया है।
इस कार्रवाई में नेपाल के दो अंतरराष्ट्रीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महदेवा सैनिक रोड के रास्ते एक कार से नशीली सुइयों की बड़ी खेप गुजरने वाली है। सूचना मिलते ही सहायक पुलिस अधीक्षक सह थानाध्यक्ष रक्सौल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार के तहखाने से काले रंग के 80 पॉलीथीन बरामद किए गए। प्रत्येक पॉलीथीन में 150-150 पीस नशीली सुई रखी थी। इस तरह कुल 12,000 इंजेक्शन बरामद किए गए। बरामद ड्रग्स में "डिजा" 2 एमएल, "फेनेर्गन" 2 एमएल और नोर्फिन" 2 एमएल जैसे इंजेक्शन शामिल हैं, जिनका दुरुपयोग नशे के रूप में किया जा रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित