मोतिहारी , अप्रैल 23 -- ारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल बॉर्डर एक बार फिर मानव तस्करी के खतरनाक नेटवर्क का गवाह बना, लेकिन इस बार सुरक्षाबलों की सतर्कता ने एक मासूम जिंदगी को अंधेरे में जाने से बचा लिया। गुरुवार को मैत्री ब्रिज के पास एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और सशस्त्र सीमा बल की 47वीं वाहिनी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग लड़की को तस्करी के चंगुल से मुक्त कराया और आरोपी युवक को दबोच लिया।

नियमित जांच के दौरान नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक ऑटो-रिक्शा को रोका गया। उसमें सवार युवक और उसके साथ मौजूद नाबालिग लड़की की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ में युवक ने खुद को साहिल अंसारी, निवासी हरसिद्धि (पूर्वी चंपारण) बताया, जबकि लड़की भी उसी क्षेत्र की रहने वाली निकली। शुरुआत में दोनों ने सुरक्षाबलों को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों को कुछ बड़ा गड़बड़ होने का आभास हो चुका था। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए लड़की को तुरंत सुरक्षा घेरे में लिया गया और महिला सुरक्षाकर्मियों, प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर एवं सामाजिक संगठनों की मदद से काउंसलिंग कराई गई। जैसे-जैसे बातचीत आगे बढ़ी, सच की परतें खुलती चली गईं और एक खौफनाक साजिश सामने आई।

पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे प्रेम जाल में फंसाया, शादी का झांसा दिया और महीनों तक फोन पर बातचीत कर भरोसा जीता। तीन दिन पहले वह उसे घर से भगाकर नेपाल ले गया, जहां दोनों किराए के मकान में रहे। इसके बाद उसे अहमदाबाद ले जाने की तैयारी थी।संभावना जताई जा रही है कि वहां उसे तस्करी के बड़े नेटवर्क के हवाले किया जाना था। लड़की ने यह भी स्वीकार किया कि वह आरोपी के प्रभाव में इतनी आ गई थी कि उसकी हर बात मानने लगी थी। इस बीच यह भी खुलासा हुआ कि पीड़िता के परिजनों ने पहले ही हरसिद्धि थाना में अपहरण का मामला (कांड संख्या 222/26, दिनांक 20 अप्रैल 2026) दर्ज करा रखा था और बेटी की तलाश में भटक रहे थे।

एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, सशस्त्र सीमा बल, प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर, स्वच्छ रक्सौल संस्था और जन जागरण संस्था की मुस्तैदी और सूझबूझ ने एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया। नाबालिग को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जबकि आरोपी को कड़ी कानूनी कार्रवाई के लिए हरैया थाना, रक्सौल पुलिस को सौंप दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित