मोतिहारी , जुलाई 16 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन के उत्तर स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या-161 (स्पेशल) पर प्रस्तावित लाइट रोड ओवर ब्रिज (लाइट आरओबी) के निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग ने परियोजना के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी कर दिया है, जिसके साथ ही लंबे समय से लंबित इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है।
पथ निर्माण विभाग, बिहार के मुख्य अभियंता (उत्तर) कार्यालय की ओर से नौ जुलाई 2026 को जारी पत्र के अनुसार, बापूधाम मोतिहारी-सेमरा रेलखंड के किलोमीटर 166/6-7 पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या-161 पर रेलवे की स्वीकृत जनरल अरेंजमेंट ड्राइंग (जीएडी) के आधार पर लाइट आरओबी निर्माण के लिए एनओसी प्रदान कर दी गई है। विभाग ने निर्माण एजेंसी को सभी निर्धारित तकनीकी एवं सुरक्षा शर्तों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
इस बीच गुरुवार को सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने प्रस्तावित लाइट आरओबी स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली।
श्री सिंह ने कहा कि मुंशी सिंह कॉलेज के दूसरे गेट के सामने स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या-161 पर लाइट आरओबी निर्माण को रेलवे की स्वीकृति काफी पहले मिल चुकी थी, लेकिन बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग से एनओसी नहीं मिलने के कारण परियोजना लंबित थी।
श्री सिंह ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा एनओसी जारी किए जाने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू हो गया है और लगभग छह माह के भीतर इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस लाइट आरओबी के निर्माण से रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से हजारों विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों और दैनिक यात्रियों को स्थायी राहत मिलेगी। साथ ही शहर में आवागमन अधिक सुरक्षित, सुगम और निर्बाध होगा।
लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना को पूर्वी चंपारण के शहरी यातायात ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित