मोतिहारी , मई 01 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के जितना थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में अवैध करेंसी के साथ दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से 10.73 लाख नेपाली और 71 हजार भारतीय करेंसी बरामद की गयी है।

यह कार्रवाई गुरुवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर जियालाला चेक पोस्ट पर की गई। इस मामले में पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम अगरवा स्थित जियालाला चेक पोस्ट के रास्ते दो व्यक्ति नेपाली और भारतीय मुद्रा के साथ भारत में प्रवेश कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद जितना थाना पुलिस और एसएसबी टीम ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया और दोनों संदिग्ध व्यक्तियों को मौके पर ही पकड़ लिया।

गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान नरेश कुमार गुप्ता ( शिकारगंज, था, जिला- पूर्वी चंपारण) और जयलाल राम (गालोंपटी, थाना- कलैया, जिला- बारा, नेपाल) के रूप में हुई है।

पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने यूनीवार्ता को बताया कि तलाशी के दौरान नरेश कुमार गुप्ता के बैग से 9,63,650 रुपये नेपाली करेंसी और 71,410 रुपये भारतीय करेंसी बरामद किए गए। वहीं जयलाल राम के पास से 1,10,000 रुपये नेपाली करेंसी मिली है। इस तरह कुल 10,73,650 रुपये नेपाली और 71,410 रुपये भारतीय मुद्रा जब्त की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित