मोतिहारी , सितंबर 29 -- बिहार के पूर्वी चंपारण में दहेज हत्या के एक मामले में सोलहवीं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश जटाशंकर मिश्र की अदालत ने मृतका के पति और ससुर को दोषी करार देते हुए 14-14 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने केसरिया थाना क्षेत्र के राजपुर लाला टोला निवासी बंटी बैठा और उसके पुत्र राहुल बैठा को भारतीय दंड संहिता की धारा 304बी के तहत दोषी पाया।

मामला वर्ष 2020 का है। चकिया थाना क्षेत्र के मठिया वार्ड संख्या 15 निवासी संजय कुमार रजक ने एक अगस्त 2020 को केसरिया थाना कांड संख्या 308/2020 दर्ज कराया था। प्राथमिकी में उन्होंने अपने दामाद राहुल बैठा, समधी बंटी बैठा और समधीन लालमती को नामजद किया था।

अभियोजन के अनुसार, संजय कुमार रजक की पुत्री राजकुमारी की शादी करीब सात वर्ष पहले राहुल बैठा से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर राजकुमारी को कथित रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

30 जुलाई 2020 को मायके वालों को सूचना मिली कि राजकुमारी आग से बुरी तरह झुलस गई है और उसे शहर के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचने पर राजकुमारी ने अपने पिता को बताया कि दहेज की मांग को लेकर उसके पति, ससुर और सास ने उसे जान से मारने की नीयत से जला दिया है। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया।

इलाज के दौरान एक अगस्त 2020 को राजकुमारी की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में नामजद तीनों आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया। सत्र वाद की सुनवाई के दौरान अभियुक्त लालमती की मृत्यु हो गई।

मामले की सुनवाई के दौरान अपर लोक अभियोजक ईश्वर चंद्र दुबे ने अभियोजन की ओर से छह गवाहों को न्यायालय में प्रस्तुत कराया। गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने बंटी बैठा और राहुल बैठा को भारतीय दंड संहिता की धारा 304बी के तहत दोषी ठहराते हुए 14-14 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई।

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि कारागार में पहले से बिताई गई अवधि का समायोजन सजा की अवधि में किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित