मोतिहारी , मई 20 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में बुधवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई हिंसक वारदातों में दो लोगों की हत्या कर दी गयी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पहली घटना केसरिया थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुई, जबकि दूसरी घटना कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र में पटीदारों के बीच आपसी मारपीट से जुड़ी है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, केसरिया थाना क्षेत्र के खटोलवा गवंद्री गांव में लंबे समय से चल रहे एक जमीनी विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। विवादित भूमि को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जहां तीखी नोकझोंक के बाद लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे। आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने 73 वर्षीय बुजुर्ग जिलदार सहनी पर तलवार और अन्य धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही केसरिया थाना अध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा।
सूत्रों ने बताया कि दूसरी वारदात कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर बैरिया गांव की है। यहाँ दो पटीदारों के बीच मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि राकेश ठाकुर और श्याम बाबू ठाकुर सहित अन्य लोगों ने बिंदा ठाकुर पर लाठी-डंडों से बर्बरतापूर्वक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बिंदा ठाकुर को इलाज के लिए मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित