मोतिहारी , मार्च 17 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार को पूर्वी चंपारण जिले में कल्याणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के निम्न वर्गीय लिपिक रवि कुमार चतुर्वेदी को दस हजार रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि पूर्वी चंपारण जिले के पिपराकोठी थाना क्षेत्र के बंगरी गांव निवासी और परिवादी भरत ठाकुर ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि निम्न वर्गीय लिपिक रवि कुमार चतुर्वेदी के द्वारा भविष्य निधि एवं उपार्जित अवकाश की राशि भुगतान करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।
ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता विकाश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।
सूत्रों ने बताया कि धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त रवि कुमार चतुर्वेदी को दस हजार रूपये रिश्वत लेते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, कल्याणपुर, स्थित कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे मुजफ्फरपुर निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित