मोतिहारी , अप्रैल 20 -- भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पूर्वी चंपारण जिले में महुआवा थाना पुलिस एवं सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम छापेमारी कर 5.74 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सूचना के आधार पर महुआवा थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गांव कटकेनवा में रविवार की देर रात विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधि में लिप्त एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में उसके पास से 5.74 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलीप कुमार के रूप में हुई है। वह नेपाल के बारा जिले के सिमसगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचरोहता गांव का निवासी है।
सूत्रों ने बताया कि आरोपी मोटरसाइकिल के माध्यम से गांजा की खेप को मेपल से भारतीय क्षेत्र में पहुंचाने की फिराक में था। मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।प्राथमिक पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस और एसएसबी की टीम इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है, जिससे इस अवैध धंधे में शामिल अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जा सके। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित