मोतिहारी , अप्रैल 11 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शनिवार को पूर्वी चंपारण जिले में आदापुर थाना के निजी मुंशी इन्तेखाब आलम को 14 हजार रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर थाना क्षेत्र के बखरी गांव निवासी और परिवादी आफताब अंसारी ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि आदापुर थाना का निजी मुंशी इन्तेखाब आलम ने हथियार के लाइसेंस के आवेदन को थानाध्यक्ष से सत्यापन कराने एवं सत्यापन के बाद रिश्वत की मांग कर रहा है।ब्यूरो की ओर से प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता गौतम कृष्ण के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।
सूत्रों ने बताया कि धावादल ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त इन्तेखाब आलम को 14 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए जमुनापुर चौक से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त से पूछताछ के उसे मुजफ्फरपुर निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा। अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित