मोतिहारी , अगस्त 30 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में रविवार को अलग-अलग घटनाओं में सात लोगों की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र के बेल पंचायत निवासी 44 वर्षीय वीरेंद्र साह की मौत बिजली का करंट लगने से हो गयी। वे सुबह टहलने निकले थे और बेल नहर के पास विद्युत ट्रांसफार्मर के नंगे तार के सम्पर्क में आ गए। इसी प्रकार की घटना चकिया थाना क्षेत्र के देवपुर छपरा विश्वनाथ निवासी मनीष कुमार की आठ वर्षीय पुत्री प्रतीक्षा के साथ घटित हुई। वह दुकान से सामान खरीदने गयी थी। लौटते वक्त वह लोहा के विद्युत खम्भा के सम्पर्क में आ गयी और उसमें प्रवाहित करंट के मासूम की जान ले ली। तीसरी स्पर्शाघात की घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रूपडीह गांव में घटित हुई। यहां अपने दालान में मवेशी को खिलाने गए 54 वर्षीय शिवनाथ महतो खुले बिजली के तार की सम्पर्क में आए और उनकी मौत हो गयी।
आज जिला मुख्यालय मोतिहारी नगर थाना क्षेत्र के जानपुल चौक स्थित तेलिया पट्टी से हत्या की खबर मिली। शनिवार की रात पारिवारिक सम्पति और नशाखोरी विवाद में काली प्रसाद के दो पुत्रों में से एक अजीत प्रसाद ने अपने दूसरे भाई अनुराग प्रसाद की धारदार हथियार से गला पर प्रहार कर हत्या कर दी। हत्या के जुर्म में गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया गया।
जितना थाना क्षेत्र के बनकटवा गांव में एक 14 वर्षीय किशोरी ने घर में ही गले में फंदा लगाकर हत्या कर ली। मृतक किशोरी की पहचान मेराज आलम की पुत्री अमरीना के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोष्टमार्टम कराकर परिजनों को सौप दिया। कुण्डवाचैनपुर थाना क्षेत्र निवासी सुनील राम के 10 वर्षीय पुत्र अर्जुन कुमार की मौत खदुआ पोखर में डूबकर हो गयी। वह पोखर में नहाने गया था।
एक अन्य घटना में रविवार को इलाज के दौरान चकिया थाना क्षेत्र के पूरन छपरा निवासी रामबालक राम की 43 वर्षीय पत्नी रेखा देवी की मौत हो गयी। वे मुजफ्फरपुर के बरुराज थाना क्षेत्र में विगत शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गईं थीं। आज इलाज के दौरान मुजफ्फरपुर में उसकी मौत हो गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित