मोतिहारी , मई 23 -- पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मटियारिया गांव में गत 7 मई से लापता 22 वर्षीय युवक विवेक मिश्र का शव शनिवार को उसके घर के ठीक पीछे स्थित एक मक्के के खेत से क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया गया है।
शव मिलने की आज खबर फैलते ही गांव में भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए। परिजनों ने बताया कि 7 मई को घर से अचानक लापता होने के बाद विवेक ने अपनी बहन से मोबाइल पर अंतिम बार बात की थी। उसी बातचीत के दौरान विवेक ने अपने ऑनलाइन पे-फोन अकाउंट से अपनी बहन को 4100 रुपये भी ट्रांसफर किए थे, जिसके बाद से उसका मोबाइल लगातार बंद आ रहा था। परिजनों ने इस संबंध में स्थानीय थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
हरसिद्धि थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षत-विक्षत शव को अपने कब्जे में ले लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि रंजिश और तकनीकी साक्ष्यों (कॉल डिटेल्स) के आधार पर मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित