मोतिहारी , जून 13 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने शनिवार को 10.54 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली अफीम के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने आज "यूनीवार्ता" को बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड और गया की ओर से अफीम की बड़ी खेप एक लग्जरी वाहन से मोतिहारी लाई जा रही है। सूचना के आधार पर डुमरियाघाट थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम का गठन कर राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर नरसिंह बाबा मंदिर के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया।

एसपी ने बताया कि जांच के दौरान एक सफेद रंग की कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पूर्व से की गई घेराबंदी के कारण पुलिस ने वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार में बनाए गए विशेष गुप्त तहखाने से 10.54 किलोग्राम अफीम बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के चतरा जिले के सिकीद निवासी साजन कुमार यादव, सिंघवारी वार्ड संख्या-4 निवासी मुन्ना कुमार यादव तथा गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के हिरी बागीचा निवासी अनुज कुमार साव के रूप में की गई है। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर गोविंदगंज थाना क्षेत्र के सरैया खास गांव में छापेमारी कर स्थानीय तस्कर जितेन्द्र चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार जितेन्द्र चौधरी बरामद खेप को जिले और आसपास के क्षेत्रों में वितरित करने वाला प्रमुख स्थानीय कड़ी था। उसके घर को सील कर आर्थिक और आपराधिक नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित