मोतिहारी , जून 25 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में गुरुवार को चकिया थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर एक अनियंत्रित पिकअप वाहन बिजली के खंभे से टकरा गया, जिसमे चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना चकिया थाना क्षेत्र के दामोदरपुर रेलवे गुमटी के समीप हुई। मुजफ्फरपुर से मोतिहारी की ओर मुर्गी लादकर आ रहा पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के चालक शंकर सरैया निवासी अरविंद कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इस हादसे में रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी 22 वर्षीय वसीम तथा मलाही थाना क्षेत्र निवासी मुन्ना आलम गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल चकिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि वाहन चलाने के दौरान चालक को अचानक नींद आ गई, जिससे पिकअप पर से नियंत्रण हट गया और वह सीधे बिजली के खंभे से टकरा गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और चकिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। संभावित खतरे को देखते हुए बिजली विभाग को सूचित कर खंभे में विद्युत आपूर्ति तत्काल बंद कराई गई। इसके बाद एनएचएआई की क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित