मोतिहारी , जून 06 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के शिकारगंज थाना क्षेत्र से अपहरण की गई चार नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है और इस मामले में एक मदरसा शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के आज बताया कि इस घटना की सूचना मिलने पर एक विशेष टीम गठित की गई थी, जिसें त्वरित कार्रवाई से चारों बच्चियों की सुरक्षित बरामद किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर जांच एजेंसियां प्रेम जाल के माध्यम से मानव तस्करी के संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकारगंज थाना कांड संख्या-104/26 में मो. बसीर के लिखित आवेदन पर चार नाबालिग बच्चियों के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। सूचना मिलते ही इस मामले में गठित एक विशेष जांच दल ने गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने चारों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया।

इस मामले में करसहिया निवासी मो. अशफाक, पिता फिरोज आलम, को गिरफ्तार किया गया है। वह आरोपी बच्चियों के गांव स्थित एक मदरसा में पढ़ाने का कार्य करता था और इसी दौरान वह बच्चियों के संपर्क में आया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक अपहृत बच्ची का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित