जौनपुर , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने मुक्तांगन परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। विश्वविद्यालय परिसर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया।
कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन का भी दिन है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद और भगवान बुद्ध का स्मरण करते हुए कहा कि ऐसे विद्यार्थियों का निर्माण करना समय की आवश्यकता है जो अनुसंधान, आधुनिक तकनीक, नैतिकता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के साथ समाज के लिए भी उपयोगी सिद्ध हों। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करके ही प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए पूर्वजों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है और उनके सपनों को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति सजग रहना भी आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान कुलपति ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। वहीं नोडल अधिकारी डॉ. मनोज पांडेय ने "नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत" हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया।
समारोह में एनसीसी कैडेटों ने कुलपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेश सिंह ने किया। इसके बाद कुलपति ने कर्मचारी संघ कार्यालय के महाराणा प्रताप द्वार का ऑनलाइन लोकार्पण किया। कुलपति सभागार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के डॉ. रसिकेश ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित