जौनपुर , अगस्त 26 -- राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 'खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात, पीएम के साथ' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय और मेरा युवा भारत (माई भारत), जौनपुर के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।
कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के समन्वयक राष्ट्रीय सेवा योजना के डॉ. शशिकांत यादव ने बताया कि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर तथा राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर को कैटेगरी-ए में कार्यक्रम आयोजन के लिए चुना गया है। यहां लाइव प्रसारण के साथ दोतरफा संवाद की सुविधा होगी। वहीं सल्तनत बहादुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बदलापुर, जौनपुर और महात्मा गांधी शती स्मारक महाविद्यालय, गरुआ मकसूदपुर, गाजीपुर को कैटेगरी-बी में चुना गया है, जहां लाइव प्रसारण के साथ एकतरफा संवाद की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन से होगी, जिसका देशभर में एक साथ प्रसारण किया जाएगा। इस अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया का स्वागत संबोधन होगा और राष्ट्रीय खेल दिवस पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
युवा अधिकारी तन्मय मोहन ने बताया कि प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय खिलाड़ी के साथ परिचर्चा, जनप्रतिनिधियों का संबोधन और युवाओं के विचार, दृष्टिकोण एवं आकांक्षाओं को जानने के लिए 15 मिनट का 'युवा संवाद' सत्र आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि युवा संवाद में प्रतिभागी चार प्रमुख विषयों पर अपने सुझाव रखेंगे। इनमें देश में खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभा विकास, शासन-व्यवस्था में युवा नेतृत्व एवं सहभागिता तथा विकसित भारत के लिए युवाओं को सशक्त बनाना शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को मेरा भारत पोर्टल पर पंजीकरण के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों और मेरा युवा भारत के जिला संयोजकों ने जिले के छात्र-छात्राओं एवं युवाओं से 27 अगस्त को आयोजित इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित