गोरखपुर , मार्च 28 -- उत्तर ाप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में से एक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जेवर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों लोकार्पित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, पूर्वांचल को भी बड़ा फायदा पहुंचाएगा।

चेम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष एसके अग्रवाल का मानना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विश्व स्तरीय कार्गो टर्मिनल की सुविधा उपलब्ध होने के बाद गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश के निर्यात योग्य उत्पादों को आसानी से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भेजा जा सकेगाऔर यहां की कार्गो सर्विस से पूर्वांचल के कृषि और औद्योगिक उत्पादों की वैश्विक बाजार में पहुंच आसान होगी। खासकर गीडा ;गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण. में निर्मित उत्पादों के निर्यात के लिए कम दूरी और कम समय वाला विकल्प मिल जाएगा।

उन्होंने बताया कि गोरखपुर से रेडी टू असेम्बल फर्नीचर, मेडिकल डिवाइस, धागा जैसे उत्पादों का निर्यात होता है। इसके अलावा हाल के कुछ सालों में सिद्धार्थनगर की ओडीओपी में शामिल बुद्ध के प्रसाद के रूप में विख्यात कालानमक चावल और गोरखपुर के ओडीओपी उत्पाद टेराकोटा की ग्लोबल डिमांड बढ़ रही है। कालानमक चावल का निर्यात भी शुरू हो चुका है।

उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय कार्गो सेवा उपलब्ध होने से उद्यमी भी अपने उत्पादों का निर्यात करने के प्रति प्रोत्साहित होंगे। जेवर के इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मिलने वाली नई सुविधा पूर्वी उत्तर प्रदेश से उत्पादों के निर्यात के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित